संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। पांचालघाट पर लगने वाले मेला रामनगरिया की तैयारियों के चलते जिलाधिकारी ने गुरुवार को निरीक्षण किया। उन्होंने जाम की समस्या को देखते हुए पार्किंग स्थल बनाने के निर्देश दिए। स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए घाट पर लोहे के पोल लगाकर जंजीर बंधवाने को कहा। जिससे गंगा के गहरे पानी में किसी के डूबने का खतरा न रहे।
मकर संक्रांति पर पांचालघाट पर श्रद्धालु गंगा स्नान को पहुंचे। वहीं माघ के पवित्र माह में गंगा तट पर मेला रामनगरिया लगने की भी तैयारी चल रही है। इसको देखते हुए जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने पांचालघाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट की अंतिम सीढ़ी पर गंगा में पानी की गहराई होने से स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए लोहे के पोल जंजीर सहित लगवाने के निर्देश दिए। वहीं जाम की समस्या के चलते पीओ डूडा को पांचालघाट के किनारे पार्किंग स्थल का निर्माण कराने को कहा। घाट पर रखे कूड़ेदान व नालियों में गंदगी देख डीएम ने नाराजगी जताते हुए एडीपीआरओ अमित त्यागी को नालियों में जाली ठीक कराने के साथ सफाई कराने व कूड़ेदानों से नियमित कूड़ा उठवाने के निर्देश दिए। घाट पर कूड़ा फेंकने वाले ग्रामीणों पर प्रतिदिन 500 रुपये के हिसाब से जुर्माना वसूलने को कहा। इस दौरान एडीएम विवेक श्रीवास्तव, एसडीएम अनिल कुमार आदि मौजूद रहे। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार मौर्य ने पांचालघाट पहुंचकर निरीक्षण कर दिशा निर्देश दिए।