फर्रुखाबाद। पंचायत चुनाव में ड्यूटी कटवाने के लिए होड़ मची है। सीडीओ कार्यालय में प्रतिदिन 100 से अधिक प्रार्थनापत्र पहुंच रहे हैं। अधिकारी सभी प्रार्थनापत्रों पर विचार कर रहे हैं लेकिन ड्यूूटी कटने की गुंजाइश कम है।
चुनाव के लिए सभी विभागों से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक बूथ पर चार मतदान कर्मी के हिसाब से 10216 कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है। मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण भी चल रहा है। वहीं मतदान कर्मी चुनाव ड्यूटी से नाम कटवाने के लिए बीमारी व अन्य समस्याओं का हवाला देकर सीडीओ कार्यालय में प्रार्थनापत्र दे रहे हैं। शिक्षा विभाग से सर्वाधिक कर्मचारियों ने ड्यूटी कटवाने के लिए प्रार्थनापत्र दिए हैं। खास बात तो यह है कि शिक्षा विभाग में तो एक फार्मेट बना लिया गया है। उसी पर प्रार्थनापत्र दिए जा रहें।
जिसमें पति की चुनाव में ड्यूटी लगी होने से बच्चों की देखरेख करने के लिए चुनाव ड्यूटी करने में असमर्थता जताई गई है। मुख्य विकास अधिकारी एम.अरून्मोली ने बताया कि अभी तक उनके पास 500 से अधिक प्रार्थनापत्र ड्यूटी कटवाने के लिए आ चुके हैं। शिक्षा विभाग से एक ही फार्मेट पर कई कर्मचारियों के प्रार्थनापत्र आ रहे हैं। हालांकि सभी प्रार्थनापत्रों पर विचार किया जा रहा है। वास्तव में जरूरतमंदों की ही ड्यूटी काटी जाएगी।