फर्रुखाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में दावेदारी के लिए अब बकायेदारों को ही अदेय प्रमाणपत्र लेना होगा। अपर मुख्य सचिव ने बकायेदारों की सूची जिला पंचायत व ब्लॉक कार्यालयों पर चस्पा करने के निर्देश दिए हैं।
रविवार को अपर मुख्य सचिव पंचायती राज विभाग मनोज कुमार सिंह ने अदेय प्रमाणपत्र के संबंध में आदेश जारी किया है। इसमें कहा कि जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पद पर चुनाव लड़ने के लिए बकायेदारों को ही अदेय प्रमाणपत्र लेना होगा। डीपीआरओ व जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को बकायेदारों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उम्मीदवार तीनों पंचायतों से अदेय प्रमाणपत्र ले रहे हैं, जबकि उन्हीं को अदेय प्रमाणपत्र की आवश्यकता है जो बकायेदार हैं। जिनका नाम बकाया सूची में शामिल है, उसी संबंधित अधिकारी से अदेय प्रमाणपत्र लेना होगा। यह भी कहा कि कई जनपदों में जिलाधिकारी ने ग्राम विकास बैंक व जिला सहकारी बैंक के बकायेदारों से अदेय प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, जो नियमावली के विपरीत हैैं।
फर्रुखाबाद। शहर के एक गेस्ट हाउस में रविवार शाम सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने होली मिलन समारोह का आयोजन किया। इसमें युवाओं ने डीजे की धुन पर धमाल मचाया। वहीं विधायक व उनकी पत्नी अनीता द्विवेेदी ने लोगों को गुलाल लगाकर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं। समारोह में भीड़ होने से सोशल डिस्टेंसिंग पूरी तरह फेल हो गई। सांसद मुकेश राजपूत, जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, सुशील शाक्य, अमर सिंह खटीक, ठा.वीरेंद्र सिंह राठौर, डीएस राठौर आदि मौजूद रहे।