फर्रुखाबाद। कोरोना से इस बार ग्रामीण क्षेत्र भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। बीमार पड़ने पर ऑक्सीजन स्तर पर नजर रखना बहुत जरूरी है। ऐसे में अमर उजाला फाउंडेशन ने प्रधानों को लोगों की देखरेख के लिए पल्स ऑक्सीमीटर दिए। ताकि वह ग्रामीणों का ऑक्सीजन स्तर माप सकें।
फाउंडेशन की ओर से कमालगंज कस्बे के रेलवे रोड स्थित ब्लॉक कार्यालय परिसर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय केंद्र की ऊषा बहन के हाथों से छीतापुर कपूरापुर की प्रधान राममूर्ति को पल्स ऑक्सीमीटर दिया गया।
मोहनपुर दिनारपुर के ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार को भी पल्स ऑक्सीमीटर दिया गया। इस मौके पर ऊषा बहन ने कहा कि कोरोना से सभी को लगातार सतर्क रहना है। वैक्सीन लगवाने के साथ ही सामाजिक दूरी व साफ-सफाई का ध्यान रखना होगा।
मोहनपुर दिनारपुर के प्रधान सर्वेश कुमार ने पल्स ऑक्सीमीटर मिलने के बाद मनरेगा श्रमिकों का ऑक्सीजन स्तर नापा। गांव में इस समय जल संरक्षण के लिए तालाब का सुंदरीकरण चल रहा है। ऑक्सीजन का स्तर सही निकलने पर मनरेगा श्रमिकों का मनोबल भी बढ़ गया।