फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना के अपात्र लाभार्थियों से रिकवरी के आदेश होने के बाद दूसरी किस्त भी जारी कर दी गई हैं। पूर्व किए गए रिकवरी आदेश को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
नवाबगंज की ग्राम पंचायत पहाड़पुर में प्रधानमंत्री आवास योजना में 10 लाभार्थियों का चयन किया गया था। इनके खातों में पहली किस्त की धनराशि पहुंचने के बाद शिकायत पर तत्कालीन प्रभारी बीडीओ विक्रांत तिवारी ने जांच की। इसमें सात लाभार्थी अपात्र मिले थे। इस पर उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारी साहिल चौधरी को तीन मार्च को पत्र जारी कर अपात्र लाभार्थियों से रिकवरी के साथ स्पष्टीकरण तलब किया।
जवाब न मिलने पर उन्होंने 16 मार्च को दूसरा पत्र जारी कर सचिव को कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद नवाबगंज बीडीओ का चार्ज कौशल किशोर गुप्ता को दे दिया गया। इससे मामला ठंडे बस्ते में चला गया। हालांकि काम में लापरवाही पर कौशल किशोर गुप्ता को कार्यालय से संबद्ध कर जिला विकास अधिकारी को बीडीओ का चार्ज दिया गया है। इस बीच लेखाकार देवेंद्र सिंह यादव ने पहाड़पुर के सभी 10 लाभार्थियों को आवास की दूसरी किस्त भी जारी कर दी।
वहीं पता चला है कि ग्राम पंचायत सिवरई मठ निवासी आवास के चार लाभार्थियों में तीन अपात्र हैं। उन्हें भी दूसरी किस्त जारी की गई है। लेखाकार देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि बीडीओ के आदेश पर उन्होंने दूसरी किस्त जारी की है। अब उनका स्थानांतरण ब्लॉक मोहम्मदाबाद में हो गया है।
आवास की दूसरी किस्त जारी करने का कोई आदेश नहीं दिया और न ही अभी आवासों की फाइल देखी है। इसकी गहनता से जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी। अपात्रों से रिकवरी कराई जाएगी।- दुर्गादत्त शुक्ला, जिला विकास अधिकारी/प्रभारी बीडीओ