कायमगंज (फर्रुखाबाद)। चीनी मिल का पुराना प्लांट साथ नहीं दे रहा है। गुरुवार को डायनमिक हीटर की ट्यूब फटने से मिल प्रशासन को फिर पेराई बंद करानी पड़ी। इससे गन्ना लेकर आए किसान सर्दी से परेशान दिखे।
1974 में स्थापित सहकारी मिल की मशीनें खस्ताहाल हो गई हैं। आए दिन तकनीकी खराबी से पेराई बंद हो जाती है। पिछले दिनों रस को टैंक में पहुंचाने वाला पंप खराब होने से रस फैल गया था। पेराई भी बंद करानी पड़ी थी। गुरुवार सुबह करीब चार बजे डायनमिक हीटर की ट्यूब लीक हो गई। इससे काफी गर्म रस फैल गया। मिल प्रशासन ने पेराई बंद करा दी। अभी फैले रसके नुकसान का आंकलन नहीं किया गया है।
टीम मरम्मत में लगी है। गर्म रस को सप्लाई करने वाली 250 ट्यूब लगी होती हैं। इसमें 5-6 ट्यूब कमजोर निकली हैं, उन्हें बदला जा रहा है। चीनी मिल के जीएम किशन लाल ने कहा कि ट्यूब के लीक होने से बहुत ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। मरम्मत कार्य चल रहा है। जल्द पेराई शुरू करा दी जाएगी।
सर्दी में परेशान हो रहे किसान
चीनी मिल में पेराई बंद होने से तौल के लिए गन्ना लाए किसान ठंड में परेशान हो रहे हैं। गांव रसूलपुर निवासी किसान देवेंद्र सिंह ने कहा कि आए दिन मिल बंद हो जाती है। सरकार को अधिक क्षमता का दूसरा प्लांट लगाना चाहिए। बताया कि तीन दिन से यहां पड़े हैं, अब मिल बंद हो गई है। गांव हरियलपुर के किसान राकेश ने बताया गन्ने की तौल के लिए दो दिन से पड़े हैं। प्लांट में खराबी आ गई पता नहीं कब तक इंतजार करना पड़ेगा। सर्दी में रातें ट्रैक्टर ट्राली के नीचे गुजारनी पड़ती हैं।