कायमगंज। शत्रु संपत्ति की फर्जी वसीयत कराने में अधिवक्ता को भूमाफिया घोषित कर मुकदमा दर्ज करने के विरोध में साथी की मदद के लिए बार एसोसिएशन के वकीलों ने 4 दिन के लिए हड़ताल कर दी। विरोध में उतरे वकीलों की मांग है मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जांच तक पुलिस अधिवक्ता व उनके परिवार का उत्पीड़न बंद कर दे। वकीलों ने मुंसिफ कोर्ट के गेट पर प्रदर्शन कर नारेबाजी भी की।
नगर के मोहल्ला पृथ्वी दरबाजा निवासी बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष अधिवक्ता खुशनवाज खां के भाई अली वारिश की शिकायत पर डीएम मानवेंद्र सिंह ने अधिवक्ता को भूमाफिया घोषित कर दिया था। आरोप है कि देश बंटवारे के समय गांव रायपुर निवासी अमीना बानो बेगम पाकिस्तान चली गईं थीं। उनकी करीब दो करोड़ की संपत्ति की अधिवक्ता ने फर्जी वसियत करा ली थी। एसडीएम सुनील कुमार यादव के आदेश पर क्षेत्रीय लेखपाल ने अधिवक्ता खुशनवाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
शुक्रवार को इसके विरोध में साथी वकील भी आ गए। मुंसिफ कोर्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने सोमवार तक के लिए हड़ताल कर दी। उपाध्यक्ष राघव शुक्ला ने कहा अधिवक्ता के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। राजनीतिक विरोधियों के कहने पर उनके घर पर पुलिस दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि यह हड़ताल 24
अगस्त तक जारी रहेगी। अध्यक्ष अरुण यादव, सचिव वीरेंद्र सिंह यादव, गोपाल पाठक, ललित शाक्य, जब्बाद खां, बिलाल गौस खां, खुशहाल खां, वीरेंद्र प्रताप, राजकुमार, सुरजीत माथुर, नजीब शाह, स्नेह दुबे, राहुल सगर आदि मौजूद रहे।
फर्रुखाबाद। जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संजीव पारिया ने डीएम व जिला जज को भेजे पत्र में कहा कि पूर्व उपाध्यक्ष के खिलाफ की गई अविधिक कार्रवाई को तत्काल वापस लिया जाए। पूर्व उपाध्यक्ष के खिलाफ अविधिक भू-माफिया की कार्रवाई होने के विरोध स्वरूप व कोरोना संक्रमण फैलने के कारण वकील 15 सितंबर तक न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।