करियप्पा मैदान में बैलेंस साधकर चलता युवक। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित राजपूत रेजीमेंट में चल रही सिपाही की भर्ती में शुक्रवार सुबह बलरामपुर, श्रावस्ती व सीतापुर जिले से आए नौजवानों ने दमखम का प्रदर्शन किया। 3526 नौजवान दौड़ में शामिल हुए। इनमें 385 नौजवान दौड़ में पास हुए। इन नौजवानों ने बीम व लंबी कूद लगाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मानने को मजबूर कर दिया। 7287 नौजवानों ने दौड़ में पंजीकरण कराया था। 3761 नौजवान लंबाई की नाप जोख में बाहर कर दिए गए। सुरक्षा को लेकर पुलिस व पीएसी के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे।
शुक्रवार सुबह बलरामपुर, श्रावस्ती व सीतापुर जिले से आए नौजवानों को बरगदियाघाट पर एकत्र किया गया। सभी नौजवानों को बैरीकेडिंग के अंदर बैठाया गया। वहां नौजवानों के प्रमाण पत्रों की गहनता से छानबीन की गई। इसके बाद उन्हें दौड़ के लिए रवाना किया गया। लंबाई की नाप-जोख में 3761 नौजवानों को बाहर का रास्ता दिखाया गया। 3526 नौजवानों ने विभिन्न चरणों में छावनी क्षेत्र में राजपूत रेजीमेंट के करियप्पा मैदान में दौड़ लगाई। इसमें 385 नौजवान दौड़ में पास हुए। दौड़ में पास हुए नौजवानों ने बीम व लंबी कूद लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बरेली भर्ती बोर्ड के कर्नल समीर सरदाना की अगुवाई में सेना भर्ती के सभी कार्यक्रम कराए जा रहे है। कर्नल समीर ने मैदान से लेकर नाप जोख स्थल पर जाकर पूरी व्यवस्था का जायजा लिया। सुरक्षा को लेकर सीओ सिटी मन्नीलाल गौंड, सिटी मजिस्ट्रेट सुनील यादव फोर्स के साथ पूरे समय तक भ्रमण शील रहे।
सेना भर्ती देखने आए नौजवानों ने गुरुवार रात फतेहगढ़ के 15 एटीएम की केबिन में कब्जा जाम लिया। सर्दी से बचने के लिए नौजवान एटीएम के अंदर ही सो गए। शुक्रवार सुबह कुछ लोग एटीएम से रुपये निकालने गए तो युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नौजवानों को एटीएम केबिन से बाहर निकलवाया। कोतवाल अजय नरायण सिंह ने युवकों से कहा कि ठहरने के लिए कालेजों में व्यवस्था की गई है। सभी लोग उसमें ही जाकर रुकें।
तीन जिलों से भर्ती देखने आए नौजवान गुरुवार रात नगला दीना के एक होटल के पास खाना खा रहे थे। होटल मालिक ने रात होते देख खाने के दाम बढ़ा दिए। किसी को साठ रुपये प्लेट तो किसी से सौ रुपये प्लेट देने पर युवक हंगामा करने लगे। इसी दौरान गुजर रही यूपी 100 की कार वहां रुक गई। ऐसे में होटल मालिक ने युवकों के ज्यादा लिए गए रुपये वापस करके माफी मांग ली।
शनिवार को फर्रुखाबाद जिले के 8835 नौजवान अपना दम दिखाएंगे। दूर-दराज के गांवों से आने वाले नौजवानों ने शुक्रवार शाम को डेरा डाल लिया। वहीं, स्टेडियम में पिछले दो माह से ट्रेनर के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पांच सौ युवक भर्ती को लेकर उत्साहित हैं। उनके ट्रेनर विनोद यादव का कहना है कि युवकों ने जी जान से मेहनत की है। इस बार सफलता उनके कदम चूमेगी।