फर्रुखाबाद। पांचाल घाट पर कांवर मेले में लगी छह दुकानों से चोरों ने रविवार रात रात एक लाख रुपये और छह मोबाइल चोरी कर लिए। चोरों ने पीछे से पॉलिथीन काटकर वारदात को अंजाम दिया। सोमवार रात चोर फिर से एक दुकान की पॉलिथीन काटकर अंदर घुसकर चोरी कर रहे थे, तभी दुकानदारों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दुकानदार नेत्रपाल की तहरीर पर पुलिस ने हरदोई के चंदन, मुर्चा के साधु के अलावा सांडी व कादरीगेट थाना क्षेत्र के दो नाबालिगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पांचाल घाट बंदा पर सावन में कांवर मेला लगा हुआ है। रविवार रात चोरों ने राजेपुर थाने के जिठौली निवासी घनश्याम की दुकान के पीछे पॉलिथीन काटकर दो फोन व 22 हजार रुपये, चाचूपुर के सत्यपाल की दुकान से 20 हजार रुपये, सौरभ की दुकान से पांच हजार रुपये, विजय कुमार की दुकान से आठ हजार रुपये और पट्टी दारापुर के वीरेश की दुकान से 17 हजार रुपये व मोबाइल चोरी कर लिए। पीड़ितों की तहरीर पर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
सोमवार रात राजेपुर थाने के पश्चिमी गौटिया निवासी नेत्रपाल की दुकान में घुसे उन्हीं चोरों ने 35 हजार रुपये और मोबाइल चोरी कर लिया। बाहर निकलते वक्त पड़ोसी दुकानदार ने संदिग्ध लगने पर रुकने को कहा। वह भागने लगे तो दौड़ाकर चारों को पकड़ लिया। पीटने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी तो मंगलवार सुबह सभी दुकानदार थाने पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने चारों किशोरों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी। प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि रिपोर्ट कर जांच की जा रही है।