मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दो भागे
फर्रुखाबाद। चिलसरा रोड पर अमिलापुर तिराहे के पास मंगलवार तड़के पुलिस से हुई मुठभेड़ में शाहजहांपुर जिला निवासी एक बदमाश घायल हो गया। एक सिपाही को भी हाथ में गोली लगी है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश के पास से नवंबर में चिलसरा रोड पर सराफा कारोबारी से लूटे गए जेवर के अलावा तमंचा व कारतूस मिले हैं। दो बदमाश भाग निकले, उनकी तलाश की जा रही है।
मऊदरवाजा थानाध्यक्ष जेपी शर्मा और एसओजी प्रभारी जयप्रकाश शर्मा पुलिस बल के साथ मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे चिलसरा रोड पर अमिलापुर तिराहे के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उस समय घना कोहरा था। इसी दौरान चिलसरा की ओर से एक बाइक आती दिखी। पुलिस ने बाइक को रुकने का इशारा किया। बाइक रुकते ही उसमें सवार बदमाश कूदे और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की गोली लगने से सिपाही राहुल माहौर (27) पुत्र कमलेश कुमार घायल हो गए। सिपाही को हाथ में गोली लगी है।
पुलिस ने भी फायरिंग की। इसमें पैर में गोली लगने से एक बदमाश गिर पड़ा और दो निकले। पुलिस ने घायल सिपाही और बदमाश को सुबह करीब 5:30 बजे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। बदमाश ने अपना नाम गुड्डू (30) पुत्र स्व. असगर निवासी पंखी खेड़ा इस्माइलपुर थाना मिर्जापुर जिला शाहजहांपुर बताया। भागे साथियों के नाम मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव मस्जिद नगला निवासी राजू पुत्र लल्लन और इस्माइलपुर निवासी गुड्डू पुत्र गुलाम रसूल बताए हैं।
सीओ सिटी राजवीर सिंह ने अस्पताल पहुंचकर सिपाही का हाल जाना और बदमाशों के बारे में जानकारी ली। मऊदरवाजा थाना प्रभारी ने बताया कि बदमाश के पास से सराफ कारोबारी रजत वर्मा के साथ नवंबर 2020 में हुई लूट की 10 पाजेब, चार कुंडल बरामद किए गए हैं।
शहर की सुनार गली निवासी रजत के साथ चिलसरा रोड लुट हुई थी। बदमाश के पास से एक तमंचा, तीन कारतूस और मौके से एक कारतूस का खोखा मिला है। गुड्डू पर शमसाबाद, राजेपुर, मिर्जापुर और कलान में लूट, चोरी आदि के करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं। फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है। मुठभेड़ में दरोगा सद्दाम हुसैन, सोमवीर सिंह, मीनेश पचौरी, एसओजी के सुनील दुबे, अजय तोमर आदि पुलिसकर्मी शामिल रहे।