नगर पंचायत मोहम्मदाबाद की पंचायत घर तकीपुर में बने गोशाला में गाय मरने पर जानकारी करते अधिकारी।
- फोटो : FARRUKHABAD
मोहम्मदाबाद स्थित नगर पंचायत में संचालित अस्थायी गोशाला में मंगलवार को एक गाय ने दम तोड़ दिया। जबकि गंभीर हालत में दो गाय मरणासन्न हैं। उन्हें कुत्ते नोचते रहे। सूचना पर एसडीएम सदर व तहसीलदार ने निरीक्षण किया। गोशाला में न तो रजिस्टर मिला और बुलाने के बावजूद ईओ नहीं पहुंचे। ग्रामीणों ने गोशाला में अव्यवस्था का आरोप लगाया।
नगर पंचायत मोहम्मदाबाद में पुराने पंचायत घर में अस्थायी गोशाला संचालित है। उसमें 46 गोवंश बंद थे। गोशाला की बाउंड्रीवाल टूटी होने से वहां पर लकड़ी व कांटे आदि लगाए गए हैं। देखरेख के अभाव में एक गाय की मौत हो गई। जबकि गंभीर हालत में मरणासन्न पड़ी गायों को कुत्ते नोच रहे हैं।
सुबह जानकारी पहुंचे पशु चिकित्सक बाबू सिंह ने घायल गायों का उपचार किया। बताया गया कि गोरक्षक मोनू व सौरभ दिन में गोवंशों को भूसा आदि डालकर चले जाते हैं। रात में दिव्यांग व्यक्ति गोशाला में रुकता है। जानकारी पर तहसीलदार राजू कुमार व एसडीएम सदर अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। नगर पंचायत के कर्मचारी मो. इसरार अहमद को बुलाया गया।
गोशाल का रजिस्टर मांगने पर उपलब्ध न होने की जानकारी मिली। वहां मौजूद ग्रामीण बदन सिंह, आलोक, सुशील आदि ने आरोप लगाया गया कि दो माह में पांच गोवंश मर चुुके हैं। बिना पोस्टमार्टम के ही मरे गोवंशों को दफना दिया गया। टूटी बाउंड्रीवाल से कुत्ते गोशाला में घुस जाते हैं और बीमार गायों को नोचते रहते हैं।
कुछ देर बाद गोशाला का रजिस्टर लाया गया। जिस पर 6 नवंबर से गोवंशों की एंट्री व किसी अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं थे। इस पर एसडीएम ने कहा कि क्या रजिस्टर अभी बनाकर लाए हो। एसडीएम ने अधिशासी अधिकारी व नगर पंचायत अध्यक्ष को मौके पर बुलाया लेकिन वह नहीं पहुंचे।
इस पर एसडीएम ने दो दिन में बाउंड्री वाल बनवाने व गोशाला की अन्य व्यवस्थाएं ठीक कराने की चेतावनी दी। मरी गाय का पोस्टमार्टम के बाद शव दफनाने के निर्देश दिए।