चुनाव आयोग के निर्देश पर पिछले दिनों हुए तबादलों के बाद जनपद में अधिकारियों का टोटा हो गया है। ऐसे में एडीएम न्यायिक समेत कई अधिकारियों की कुर्सियां खाली पड़ी हैं। जबकि जनपद में पहले से ही कई अधिकारी एक से ज्यादा चार्ज लेकर काम कर रहे हैं।
चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रदेश भर में इस माह बड़ी संख्या में अधिकारियों के तबादले हुए हैं। इसके चलते लंबे समय से एडीएम न्यायिक के पद पर तैनात भानु प्रताप सिंह का तबादला प्रयागराज कर दिया गया था। वह तो यहां से रिलीव होकर चले गए, लेकिन उनके स्थान पर किसी अन्य अधिकारी की तैनाती नहीं की गई। साथ ही जिले में तैनात दो एसडीएम बृजकिशोर दुबे व रमेश चंद्र यादव का तबादला भी दूसरे जनपदों में हो गया है। हालांकि यह दोनों जनपद में अतिरिक्त एसडीएम के रूप में कार्यरत थे। इसके बावजूद रमेश चंद्र यादव के पास कई चार्ज थे। इसके अलावा डीसी मनरेगा के तौर पर तैनात संजय शर्मा का तबादला भी सिद्धार्थ नगर कर दिया गया है। तबादले से पहले उनके पास डीडीओ व कायमगंज के बीडीओ का चार्ज भी था। उनके जाने के बाद शासन ने डीडीओ के पद पर तो दुर्गादत्त शुक्ला को तैनाती दे दी है। लेकिन अन्य पद अभी भी खाली हैं।
तीन बीडीओ चला रहे सात ब्लॉक
जिले में सात ब्लॉक बढ़पुर, कायमगंज, कमालगंज, मोहम्मदाबाद, शमसाबाद, नवाबगंज और राजेपुर हैं। इनके सापेक्ष महज तीन ही बीडीओ की तैनाती है। ऐसे में सभी के पास दो दो ब्लॉक का चार्ज है। जबकि डीसी मनरेगा के तबादले के बाद से कायमगंज ब्लॉक की कुर्सी खाली पड़ी है।
तीन ईओ के सहारे चल रहे निकाय
जनपद में दो नगर पालिका व चार नगर पंचायतों समेत छह निकाय हैं। इनके सापेक्ष महज तीन ईओ की तैनाती हैं। आलम यह है कि पालिका कायमगंज का कामकाज मोहम्मदाबाद ईओ केएन रावत देख रहे है। बुधवार को कंपिल नगर पंचायत में भी एक ईओ नवनीत कुमार सिंह की तैनाती की गई है। हालांकि अभी तक उन्होंने ज्वाइन नहीं किया है।