फर्रुखाबाद। एक पखवारे से मौसम में उतार चढ़ाव के चलते बच्चों को बीमारियां घेरने लगी हैं। जुकाम व बुखार से पीड़ित बच्चों को उनके परिजन अस्पताल लेकर पहुंच रहे हैं। इससे बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर सुबह से ही भीड़ लग रही है। वहीं, अस्पताल में दवाओं का टोटा होने से लोगों को दिक्कत हो रही है।
दिन में तेज धूप निकलने और शाम को ठंडक बढ़ने के साथ बारिश होने से मौसम बार-बार बदल रहा है। इससे बच्चे जुकाम, बुखार व खांसी से पीड़ित हो रहे हैं। इस बीच मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। इसके चलते लोग पंखा भी चलाने लगते हैं। यह भी बच्चों की सेहत के लिए खतरनाक है। इसके चलते ही गुरुवार सुबह से ही लोहिया अस्पताल की ओपीडी में बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर भीड़ लग गई।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश तिवारी ने बताया कि मौसम में उतार चढ़ाव के चलते बच्चे बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में माता-पिता को अपने बच्चों की ओर कुछ ज्यादा ध्यान देना चाहिए। मच्छरों से बचाव करें। बच्चों को फुल आस्तीन के कपड़े पहनाएं। गुरुवार को 125 से अधिक बीमार बच्चों का इलाज किया।