संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। राष्ट्रीय पोषण माह सितंबर में चिह्नित हुए अतिकुपोषित 69 बच्चे स्वस्थ होने तक अफसरों की नजर में रहेंगे। डीएम मानवेंद्र सिंह ने अति कुपोषित बच्चों को प्रधान को गोद दिला कर पौष्टिक खाद्य सामग्री, उनकी देखभाल को जिला एवं ब्लाक स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है।
राज्य पोषण मिशन के महानिदेशक के आदेश पर सितंबर में राष्ट्रीय पोषण माह मनाया गया था। इसमें नवाबगंज क्षेत्र में 5, शहर में एक, बढ़पुर ब्लाक क्षेत्र में 6, कायमगंज ब्लाक क्षेत्र में सात, मोहम्मदाबाद क्षेत्र में 10, राजेपुर क्षेत्र में नौ, शमसाबाद क्षेत्र में 25 और कमालगंज क्षेत्र में 6 बच्चे (कुल 69) अतिकुपोषित बच्चे चिह्नित किए गए थे।
यह दी जाएगी सुविधाएं
निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल से अतिकुपोषित बच्चों के परिजनों को गाय दिलाई जाएगी। श्रम एवं रोजगार विभाग से अति कुपोषित बच्चों के परिवार को मनरेगा जॉब कार्ड व रोजगार दिया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी शौचालय की सुविधा मुहैया कराएंगे। जिला पूर्ति अधिकारी राशन कार्ड बनवा कर उपलब्ध कराएंगे। बाल विकास परियोजना अधिकारी अति कुपोषित बच्चों के परिजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करेेंगी।