कमालगंज। गंगा कटरी में गेहूं के एक खेत में मंगलवार दोपहर आग लग गई। देखते ही देखते आसपास के 10 किसानों के खेत में आग फैल गई। फायर ब्रिगेड के प्रयास नाकाफी साबित हुए। ग्रामीणों ने पंपिंग सेट चलाकर पानी डाला। आग और अधिक न फैले, इसके लिए आसपास की करीब 20 बीघे गेहूं की फसल ट्रैक्टर से जोत दी गई। फिर भी करीब 30 बीघे फसल जल कर राख हो गई।
थानाक्षेत्र के महमदगंज मड़ैयनघाट पर स्थित पैंटून पुल से करीब डेढ़ किलोमीटर पश्चिम में मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे बहोरनपुर टप्पाहवेली गांव निवासी गोरे ठाकुर की गेहूं की फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। तरबूज की फसल की देखरेख कर रहे व गेहूं काट कर रहे लोगों ने आग की लपटें देखीं तो शोर मचा दिया। हवा चलने से आग फैलती जा रही थी।
सूचना पर फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई, लेकिन उसके प्रयास नाकाफी रहे। इस बीच शब्बीर के दो व गोरे के एक पंपिंग सेट को चालू कर पाइप लाइन बिछाकर पानी का छिड़काव शुरू किया गया। बाल्टी से पानी व फावड़े से मिट्टी भी डाली गई। आसपास के गांवों से भी बड़ी तादाद में लोग पहुंच गए। आग को फैलने से बचाने के लिए किसानों ने आसपास खड़े करीब 20 बीघे गेहूं को ट्रैक्टर से जोत डाला।
जब तक आग बुझी तब तक सुनील, लक्ष्मण, आलोक, नरेश, दयाराम, रामभरोसे, प्रकाश, रामलाल व भारत के खेत में गेहूं की तैयार खड़ी फसल राख हो गई। ग्राम प्रधान पप्पू यादव की सूचना पर लेखपाल अमित राठौर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों के नुकसान का मौके पर सर्वे किया।