फर्रुखाबाद। 11478 विद्यार्थियों को कोरोना काल में स्कूल बंद रहने की अवधि का खाद्यान्न मिलेगा। इसके लिए प्रधानाचार्यों को पत्र भेजे जा रहे हैं, जिनकी मदद से बच्चों के अभिभावक कोटेदार से राशन ले सकेंगे।
मध्यान्ह भोजन योजना के तहत परिषदीय, अनुदानित व राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं को पका भोजन स्कूल में उपलब्ध कराया जाता है। वर्ष 2021 में कोरोना संक्रमण के कारण 94 दिन विद्यालय बंद रहे। इससे बच्चों को स्कूलों में भोजन नहीं मिला।
शासन के आदेश पर स्कूल बंद रहने की अवधि का खाद्यान्न बच्चों को दिया जाना है और कन्वर्जन कास्ट की धनराशि अभिभावकों के खाते मेें भेजी जानी है। बच्चों को कोटेदार के यहां से खाद्यान्न दिलाने के लिए नगर शिक्षा अधिकारी ने प्राधिकार पत्र छपवाए हैं।
इनका वितरण मंगलवार से शुरू हो गया। नगर ते 93 विद्यालयों में प्राधिकार पत्र पहुंचाने की जिम्मेदारी शिक्षक सुशील मिश्रा को सौंपी गई है। मंगलवार से उन्होंने प्राधिकार पत्र का वितरण शुरू कराया है। कुछ विद्यालयों में प्राधिकार पत्र पहुंच गए हैं, बाकी में भी जल्द पहुंचेंगे। इन प्राधिकार पत्र को भरकर प्रधानाध्यापक छात्रों को देंगे। तब वह अभिभावक के साथ कोटेदार से राशन प्राप्त करेंगे।
प्राधिकार पत्र में पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी का ही नाम लिखा है। नगर शिक्षा अधिकारी यासमीन रहमान ने बताया कि चुनाव के दौरान प्राधिकार पत्र छपकर आए थे, तब सतीश चंद्र द्विवेदी राज्यमंत्री थे। प्राधिकार पत्र में मुख्यमंत्री की फोटो लगी थी। आचार संहिता के कारण वितरण नहीं कराया था। अब इन्हें स्कूलों में भेजना शुरू किया गया है।