फर्रुखाबाद। विकास भवन सभागार में वृहस्पतिवार को सीडीओ ने केंद्रीय व राज्य वित्त की धनराशि खर्च की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम पंचायतों में अधिक धनराशि शेष रहने व बैठक से अनुपस्थित 16 सचिवों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
सीडीओ विनोद कुमार गौड़ ने समीक्षा के दौरान सचिवों से कहा कि पर्याप्त धनराशि होने के बावजूद विकास कार्य न कराना निष्क्रियता है। उन्होंने पंचायत सहायक व केयरटेकरों का भुगतान तत्काल करने के निर्देश दिए। आइजीआरएस मामलों में शिकायतकर्ता से बात कर समय से निस्तारण कराएं। निर्माणाधीन ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्रों को तत्काल पूर्ण कराकर चालू कराएं। अच्छा कार्य करने कर्मचारी पुरस्कृत होंगे और लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
डीडीओ श्याम कुमार तिवारी ने कहा कि सभी सचिव शासन की योजनाओं को ग्राम पंचायत में लागू करें। डीपीआरओ राजेश चौरसिया ने बताया बैठक से अनुपस्थित सचिव रंजीत यादव, रविंद्र सिंह, अतुल अग्निहोत्री, विनय कुमार सिंह, मोतीलाल यादव, अमित शुक्ला, अभय प्रताप को नोटिस जारी की है। वहीं, अत्यधिक धनराशि डंप रखने में सचिव शिवपाल सिंह, अनुपम बाजपेई, आकांक्षा सक्सेना, नीरू दीक्षित, राजीव गौतम, सौरभ कुमार, विवेक कुमार, प्रशांत कटियार, अमित यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। डीपीएम विजय पाल, सत्यनारायण सिंह आदि मौजूद रहे।