फर्रुखाबाद। सिंचाई विभाग में कर्मचारियों के लिए 1.53 करोड़ रुपये की लागत से आवासों में निर्माण कराया जा रहा है। इसकी बाउंड्रीवाल में पुरानी ईंट लगाए जाने से कर्मचारियों में चर्चा है। नए भवन निर्माण में पुरानी ईंट का इस्तेमाल कुछ और ही इशारा कर रहा है।
बेवर रोड स्थित नलकूप कालोनी में सिंचाई विभाग के कर्मचारियों के लिए चार आवासों का दो मंजिला भवन बनाया जा रहा है। निर्माण भी समय से पूरा होने की उम्मीद है। इन दिनों बाउंड्री वाल का निर्माण चल रहा है। इसमें नलकूप विभाग की वर्षों पुराने बने एक कमरे की ईंटें निकालकर लगाई जा रही हैं। 1.53 करोड़ रुपये की लागत के भवन में पुरानी ईंटों के इस्तेमाल से कर्मचारी भ्रष्टाचार की ओर इशारा कर रहे हैं। उनका कहना है कि नलकूप विभाग का पुराना कमरा था। सिंचाई विभाग को भवन निर्माण के लिए भूमि दी गई थी, लेकिन ईंटों का उपयोग किस आधार पर किया जा रहा है। ठेकेदार को भुगतान पूरा हो रहा है। पुरानी ईंटों का मूल्यांकन भी नहीं किया गया। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता शिवांशु बाजपेई ने बताया कि अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर पुरानी ईंटें बाउंड्रीवाल में लगाई गई हैं। यह कार्य भवन के इस्टीमेट के अतिरिक्त है। ठेकेदार के भुगतान में कटौती नहीं की जाएगी। 85 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। 92 लाख रुपये अभी ठेकेदार को भुगतान किया गया है। दिसंबर तक भवन निर्माण पूरा करने के आदेश हैं। नवंबर में ही काम पूरा कर लिया जाएगा।