फर्रुखाबाद। मुख्य अभियंता विद्युत कानपुर राकेश वर्मा ने कायमगंज और ग्रामीण खंड के एक्सईएन, तीन एसडीओ और सात अवर अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। ओटीएस की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई है। सुधार न होने पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट एमडी को भेजने की चेतावनी दी है।
विद्युत खंड कार्यालय कायमगंज के एक्सईएन खानचंद्र और एक्सईएन ग्रामीण सुरेंद्र कुमार, एसडीओ विनोद कुमार, राजेपुर के एसडीओ अनमोल प्रताप, कायमगंज के एसडीओ विकासनाथ तिवारी, नवाबगंज खंड कार्यालय के जेई हर्ष कुमार सागर, विद्युत उपकेंद्र नवाबगंज के जेई जुनैद आलम अंसारी, कंपिल के जेई प्रमोद कुमार, कायमगंज के जेई राघवराम पांडेय, याकूतगंज उपकेंद्र के जेई एसपी चौहान, नीबकरोरी उपकेंद्र के जेई विनोद कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इसमें कहा गया है कि 15 जून तक ग्रामीण खंड के एक लाख 10 हजार 174 बकायेदारों में 3.39 प्रतिशत ने ही ओटीएस के तहत पंजीकरण कराया है। 2 अरब 12 करोड़ 77 लाख की बकायेदारी में सिर्फ एक करोड़ 78 लाख ही जमा हुए हैं। कायमगंज डिवीजन क्षेत्र में 69 हजार पांच सौ 67 बकायेदारों में 2.81 प्रतिशत उपभोक्ताओं का पंजीकरण हुआ है।
92 करोड़ 86 लाख बकायेदारी पर एक करोड़ छह लाख राजस्व जमा हुआ है। दोनों खंड में ओटीएस के तहत पंजीकरण की स्थिति बहुत खराब मिली। इसमें सुधार न करने पर मुख्य अभियंता ने दोनों एक्सईएन, तीन एसडीओ व सात जेई को कार्रवाई के लिए प्रबंध निदेशक विद्युत आगरा को रिपोर्ट भेजने की चेतावनी दी है।