लक्षण वाले निगेटिव मरीजों का भी मिलेगा इलाज
फर्रुखाबाद। कोरोना संक्रमण को लेकर जिला प्रशासन और सतर्क हो गया है। कोरोना के लक्षण होने के बाद भी जांच रिपोर्ट निगेटिव आती है तो भी मरीजों को एल-2 अस्पताल में इलाज दिया जाएगा। वहीं घर से बाहर निकलने वालों को मास्क लगाना होगा।
कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि एकीकृत कोविड कंट्रोल सेंटर को और मजबूत किया जा रहा है। कई बार बुखार, खांसी व सांस में दिक्कत होने के बावजूद जांच रिपोर्ट निगेटिव आती है। ऐसे मरीजों को संक्रमित मानकर उनका एल-2 अस्पताल में इलाज किया जाएगा। बताया कि एल-2 अस्पताल में 250 बेड की व्यवस्था की जा रही है।
सीएचसी बरौन को 52 बेड जबकि सीएचसी नवाबगंज को 98 बेड के एल-2 अस्पताल के रूप में तैयार कराया जा रहा है। जिले में कुल 934 एक्टिव केस में 24 मरीज एल-2 अस्पताल फतेहगढ़ में भर्ती हैं। प्रतिदिन 1500 से 2000 नमूने लिए जा रहे हैं।
मॉनीटरिंग टीमें पांच से बढ़ाकर 15 कर दी गईं हैं, जबकि रैपिड रिस्पांस टीम भी 16 से बढ़ाकर 30 कर दी गईं। शहर व कस्बों के 129 वार्ड, जबकि 594 गांवों के लिए निगरानी समिति गठित की गई हैं। यह टीमें बाहर से आने वाले लोगों को क्वारंटीन करेंगी। अब तक 500 लोगों को क्वारंटीन किया गया है।
कंट्रोल रूम में सीधे करें फोन
जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना संबंधी कोई शिकायत या जानकारी के लिए कोई भी व्यक्ति कोविड कंट्रोल रूम में फोन करे। 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम के 05692-297740 के अलावा 8528797203, 7275883283, 7607847144 फोन कर सूचना दी जा सकती है। 6306927030 पर व्हाट्सएप मैसेज कर सकते हैं। गांव व मोहल्ले में सैनिटाइजेशन कराना हो या अन्य सूचना के लिए कंट्रोल रूम से सुविधा मिलेगी।
ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था : सीएमओ
सीएमओ डॉ.वंदना सिंह ने बताया कि एल-2 अस्पताल के अलावा लोहिया अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ऑक्सीजन की व्यवस्था है। जिले में दो ऑक्सीजन सिलिंडर सप्लायर हैं। उनके पास भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। एल-2 अस्पताल में अब तक ऑक्सीजन की पाइप लाइन न डालने के सवाल पर जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में ऑक्सीजन की व्यवस्था पहले से है। टेंडर हो चुका है। पाइप लाइन भी डाली जाएगी।
जमाखोरी करने वालों पर लगेगा रासुका
सप्ताह में दो दिन शनिवार व रविवार को कर्फ्यू घोषित किया गया है। इसके चलते थोक व्यापारियों ने जमाखोरी शुरू कर दी है। पान मसाला, बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू के फुटकर दाम बढ़ गए हैं। दुकानदारों का कहना है कि डीलर माल कम होने की बात कहकर रेट बढ़ा रहे हैं। अन्य खाद्य सामग्री पर भी रेट बढ़ रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कोई थोक व्यापारी जमाखोरी करता है तो उसके खिलाफ रासुका में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। निर्धारित दरों पर ही वस्तुओं की बिक्री होगी।
चुनाव में संक्रमण का खतरा
नामांकन के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय और ब्लॉक कार्यालयों में कोविड नियमों का पालन नहीं किया गया। कोविड हेल्प डेस्क भी नहीं बनी जबकि शासन से स्वास्थ्य विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके जवाब में जिलाधिकारी ने कहा कि 29 अप्रैल को होने वाले मतदान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर कोविड हेल्पडेस्क बनाई जाएगी। वहां कोविड नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।