कन्नौज। महिला सशक्तीकरण मैराथन में पुलिस कर्मियों और छात्राओं ने मंगलवार को दौड़ लगाई। इसमें नीरजा व रुचिका अव्वल रहीं। दोनों विजेताओं को डीएम व एसपी ने पुरस्कृत किया। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह मैराथन मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में आयोजित की गई थी।
मैराथन का शुभारंभ डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री व एसपी विनोद कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों की 200 से अधिक छात्राओं एवं पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया और समाज को महिला सुरक्षा का सशक्त संदेश दिया। दौड़ पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन मोड पेट्रोल पंप से होकर गई। युवा फिजिकल एकेडमी नीरजा प्रथम, खुशबू द्वितीय व रुचि यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली थाना तिर्वा की महिला पुलिसकर्मी रुचिका प्रथम, अभियोजन कार्यालय में तैनात ममता यादव द्वितीय व महिला थाना में तैनात नीलम रानी तृतीय स्थान पर रहीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं एवं पुलिसकर्मियों को डीएम व एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर अभिषेक प्रताप अजेय व सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. प्रियंका वाजपेयी मौजूद रही।