सौरिख। बाइकों की भिड़ंत में सोमवार को वृद्ध की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी।
सकरावा क्षेत्र के ग्राम बझेड़ी निवासी अशोक कुमार (60) खेती करते थे। परिजनों ने बताया कि अशोक कुमार औरैया के थाना एरवा कटरा के ग्राम सिमरिया निवासी सत्यवीर (45) के साथ सुबह बाइक से सौरिख जा रहे थे। रास्ते में मिर्जापुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे बाइक चालक मैनपुरी के थाना किशरी के ग्राम जगदीशपुर निवासी अभिषेक (22) की बाइक से भिड़ंत हो गई।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रास्ते में अशोक कुमार ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में चीखपुकार मच गई। थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।