-शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर मिला था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
कायमगंज। रेलवे ट्रैक किनारे मिले युवक की मौत के मामले की गुत्थी अब उसके साथ रहे युवक के बयान पर टिकी है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। वहीं परिजन साथियों पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं।
भोलेपुर निवासी विमल उर्फ विक्की (32) का शव शुक्रवार सुबह सोतेपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिला था। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस, कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए थे। मृतक की पत्नी रानी ने बताया कि दो युवक उसके पति को मथुरा में काम दिलाने की बात कहकर घर से ले गए थे। आरोप है कि बृहस्पतिवार शाम एक युवक ने फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। पुलिस के मुताबिक विमल अपने दोनों साथियों के साथ ट्रेन से कासगंज पहुंचा था। वहां से एक युवक मथुरा चला गया, जबकि दूसरा उसके साथ फर्रुखाबाद की ओर आने वाली पैसेंजर ट्रेन से वापस आ गया। इसके बाद किन परिस्थितियों में विमल की मौत हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस को लापता युवक का मोबाइल और बैग उसके साथी विमल उर्फ विक्की के शव के पास मिला है। ऐसे में पुलिस लापता युवक की तलाश कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर व शरीर पर कई चोटों की पुष्टि हुई है। साथी के मिलने और पूछताछ के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि मामला हादसे का है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है।