फर्रुखाबाद। तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे मां और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर मां को लोहिया अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बेटी का एटा के अलीगंज सीएचसी में इलाज चल रहा है।
जिला एटा थाना अलीगंज के गांव नगला मोहन निवासी खेमकरन की पत्नी गुड्डी देवी (50) अपनी बेटी सुहागवती (23) के साथ स्कूटी से अलीगंज बाजार करने रविवार सुबह आई थी। खरीदारी करके जब घर लौट रही थीं, तो सतौसेपुर गांव के पास तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे गुड्डी देवी और सुहागवती घायल हो गए। घायल मां-बेटी को सीएचसी अलीगंज में भर्ती कराया गया।
हालत गंभीर होने पर गुड्डी देवी को लोहिया अस्पताल लाया गया। डॉ. अभय श्रीवास्तव ने जांच के बाद गुड्डी को मृत घोषित कर दिया। उनके पुत्र मदन चंद्रा, राजेश, प्रदीप, अजीत हैं। मदन चंद्रा ने बताया कि बहन सुहागवती का सीएचसी में इलाज चल रहा है। पुलिस को सूचना दे दी है। दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।