लोहिया अस्पताल में रोते बिलखते मीना के परिजन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। हथियापुर क्रांसिग के पास रविवार को तेज रफ्तार बाइक पीछे से ट्रक में जा घुसी। ट्रक में फंसकर बाइक करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। इससे मां और दोनों बेटों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस जांच कर रही थी, तभी ट्रक के नीचे फंसी बाइक में आग लग गई। एसओ ने ग्रामीणों को बुलाकर आग पर काबू पाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बाइक चालक हेलमेट लगाए था।
कंपिल थाना क्षेत्र के गांव मेदपुर निवासी मीना सक्सेना (45) पत्नी राजेश्वर सक्सेना भाई विद्यासागर व कृपाशंकर को राखी बांधने जहानगंज थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर गांव जा रही थीं। बाइक बड़ा बेटा सुमित (22) चला रहा था। छोटा बेटा रोहन (7) मां के साथ पीछे बैठा था।
हथियापुर में सड़क से एक ट्रक रेलवे क्रांसिग की ओर मुड़ा। पीछे से आ रहे सुमित की तेज रफ्तार बाइक ट्रक में जा घुसी। ट्रक में बाइक फंसने से मां और दोनों बेटे करीब 100 मीटर तक घिसटते चले गए।
हादसे में मीना व रोहन की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सुमित को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर सीओ सिटी नितेेश सिंह, एसओ मऊदरवाजा अजय नारायण सिंह, शहर कोतवाल वेद प्रकाश पांडेय मौके पर पहुंचे। पुलिस मौके पर छानबीन कर रही थी, तभी ट्रक के नीचे फंसी बाइक में आग लग गई। आग ने ट्रक के पहियों को चपेट में ले लिया। एसओ ने ग्रामीणों को बुलाकर आग पर काबू किया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। चालक घटना के बाद मौके से भाग गया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे राजेश्वर और पुत्री सुनैना का रो रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि दसवीं की पढ़ाई के बाद सुमित मजदूरी करने लगा था। रोहन कक्षा दो का छात्र था।