फर्रुखाबाद। नगर पंचायत संकिसा के मेरापुर में बंदरों का आतंक चरम पर है। शुक्रवार सुबह बंदरों ने एक दीवार को गिरा दिया। नीचे खेल रहे तीन भाई उसमें दब गए। चीख पुकार पर पहुंचे ग्रामीणों ने तीनों को निकाला। एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बाल-बाल बच गए।
मेरापुर निवासी पृथ्वीराज बाथम का पुत्र देवेश (3), दिव्यांशु (6) और आशका (9) शुक्रवार सुबह घर के बाहर खाली पड़ी जमीन पर खेल रहे थे। तीनों बच्चे गेट के पास बैठे थे, तभी बंदरों का झुंड आ गया। उन्होंने पृथ्वीराज की बाहर पक्की दीवार को हिला दिया। गेट समेत दीवार बच्चों के ऊपर जा गिरी। तीनों बच्चे दीवार के मलबे में दब गए।
घर और गली में कुछ दूरी पर मौजूद लोगों ने मलबे को हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। देवेश के ऊपर लोहे का गेट गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो भाइयों को मामूली चोटें आईं। देवेश को परिजन झोलाछाप के पास ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तब तक उसकी सांसें थम गईं। इससे परिजनों में चीख पुकार मच गई।
पृथ्वीराज ने बताया कि गांव में कई सालों से बंदरों का आतंक है। अब बंदरों की संख्या 200 से अधिक हो गई है। बंदरों के झुंड कई बार ग्रामीणों को घायल भी कर चुके हैं। ग्रामीणों ने नगर पंचायत से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।