फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad News: धनतेरस पर 100 करोड़ से अधिक का कारोबार

विज्ञापन
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। धनतेरस पर शुक्रवार को बाजार में खजाना बरसा। सुबह से देर रात तक खरीदारों की भीड़ उमड़ती रही। किसी ने सोने-चांदी के सिक्के खरीदकर समृद्धि की कामना की तो किसी ने नए वाहन और बर्तनों के साथ त्योहार की खुशियां बढ़ाईं। सराफा बाजार, बर्तन की दुकानों, शोरूम और शॉपिंग मॉल में पैर रखने तक की जगह नहीं रही। सोने-चांदी के भाव में गिरावट ने भी खरीदारी को रफ्तार दी।
विज्ञापन

कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक जिले में धनतेरस पर करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। बाजारों में उमड़ी भीड़ के चलते प्रमुख मार्गों पर दिनभर जाम के हालात बने रहे। घरों और प्रतिष्ठानों में लोगों ने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।

सोने-चांदी के भाव घटे तो बरसा धन
धनतेरस पर सराफा बाजार में रौनक देखते ही बनी। नेहरू रोड, सेठ गली, चूड़ी वाली गली, फतेहगढ़, कानपुर रोड और कचहरी रोड की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहक पहुंचने लगे। चांदी के सिक्कों के साथ पायल, अंगूठी, टॉप्स और चेन जैसे हल्के जेवर खूब बिके। दिवाली पूजन के लिए चांदी के गणेश-लक्ष्मी की भी मांग रही।
विज्ञापन

सराफा कारोबारी अजय वर्मा ने बताया कि चांदी के सिक्कों और हल्के वजन के सोने के आभूषणों की मांग अधिक रही। एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज रस्तोगी ने बताया कि जिले में 500 से अधिक छोटी-बड़ी सराफा की दुकानें हैं। इस बार धनतेरस पर 20 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ।

बर्तनों की दुकानों पर भी खूब बरसीं लक्ष्मी
लोहाई रोड और चौक के अलावा बूरा वाली गली, ठंडी सड़क, नितगंजा, भोलेपुर और नेहरू रोड पर बर्तनों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। संपन्न लोगों ने डिनर सेट, डोगा और आटा रखने की डेग खरीदी तो मध्यमवर्गीय परिवारों ने चम्मच सेट, लोटा, दूध की बाल्टी और स्टील के टिफिन लेकर परंपरा निभाई। दुकानदार सोनू पाल ने बताया कि पीतल के साथ स्टील और क्रॉकरी के बर्तनों की मांग अधिक रही। इलेक्ट्रॉनिक की दुकानों पर भी खूब खरीदारी हुई।

बाइक-स्कूटी की चाबी लेकर घर लौटे ग्राहक
धनतेरस पर वाहन खरीदने की शुभ परंपरा के चलते बढ़पुर, आवास विकास तिराहा और नेकपुर स्थित शोरूम में भी खूब रौनक रही। पहले से बुकिंग कराने वाले ग्राहकों ने शुभ मुहूर्त में बाइक और स्कूटी की डिलीवरी ली। शोरूम संचालकों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सड़क तक वाहन सजा रखे थे। एक शोरूम के मैनेजर ने बताया कि धनतेरस पर करीब 300 बाइक और 100 स्कूटी की बिक्री हुई। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सदानंद शुक्ला ने बताया कि धनतेरस पर बाजारों में 100 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है।

फूल और नारियल की झाड़ू से भी हुई शुभ शुरुआत
धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की मान्यता के चलते फूल और नारियल की झाड़ू की भी खूब बिक्री हुई। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। नारियल की झाड़ू 50 से 60 रुपये और फूल झाड़ू करीब 130 रुपये तक बिकी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें