कमालगंज। विकास खंड की 6 ग्राम पंचायतों में बुधवार को मनरेगा कार्यों का सत्यापन होगा। इनमें से 3 ग्राम पंचायतों में आडीटर व 3 में ब्लाक रिसोर्स पर्सन सोशल आडिट में कार्यों का सत्यापन करेंगे।
गत वित्तीय वर्ष 2018-19 में महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में कराए गए कार्यों को मौके पर देखने के लिए सोशल आडिट टीम बुधवार को 6 ग्राम पंचायतों में पहुंचेगी। निनौरा श्रंखलापुर में आडीटर इमराना, पैगूपुर में रिंकी गंगवार व न्यामतपुर ठकुरान में आशीष शुक्ला के नेतृत्व में आडिट टीम मनरेगा के कार्य देखेगी। जबकि ब्लाक रिसोर्स पर्सन साधना बाजपेई पंजूखिरिया, सुग्रीव सिंह पतौंजा व सुधीर कुमार की टीम पूरनपुर में सोशल आडिट करेगी। नसरतपुर नौगवां में भी सत्यापन होना था।लेकिन वहां के लिए नियुक्त आडीटर के लंबे अवकाश से आडिट स्थगित कर दिया गया है।
मनरेगा से बने चक रोड व अन्य कार्यों के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में बने आवासों का सत्यापन भी किया जाएगा। इन आवासों के लिए लाभार्थी को 90 दिन की मनरेगा से मजदूरी दी गई थी। मनरेगा से लगाए गए पौधों का भी सत्यापन किया जाएगा।