जहानगंज। अपहरण की कहानी बनाने वाली किशोरी बेवर थाने पहुंच गई। उसने वहां अपहरण करने वाले आरोपियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस किशोरी को लेने के लिए बेवर रवाना हो गई है। बुुधवार को उसके दिल्ली में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस की एक टीम दिल्ली भेजी गई थी।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने मंगलवार रात पुलिस को सूचना दी कि गांव के ही सर्वेश, अनमोल, जानू, अजीत व मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव रूपनगर निवासी जग्गू उसकी बहन का अपहरण कर ले गए हैं। एसओ दिनेश गौतम मौके पर पहुंचे। बघार नाले के पास गढ्डे में किशोरी का बैग मिला। भाई ने बताया कि बहन साइकिल सहित गायब है। उसने पुलिस को बताया कि बहन ने मोबाइल से काल करके जानकारी दी कि गंगापार में यह लोग उसको बंधक बनाए हैं। पुलिस ने भाई की तहरीर पर पांचों लोगों के पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने रात में ही जग्गू, अनमोल, सर्वेश को पकड़ लिया। यह लोग अपने घरों में ही थे। पुलिस ने किशोरी के मोबाइल नंबर की काल डिटेल निकलवाई। इसमें मेडिकल कालेज में तैैनात चालक से किशोरी की बातचीत होने जानकारी हुई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया तो पूछताछ में उसने बताया कि अपनी बुआ के बेटे के साथ किशोरी को दिल्ली भेज दिया है। पुलिस चालक को लेकर किशोरी को बरामद करने के लिए दिल्ली रवाना हो गई थी। गुरुवार को किशोरी जनपद मैनपुरी के थाना बेवर पहुंची और उसने मुकदमे में नामजद तीन लोगों ने दिल्ली ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया और मौका देखकर बेवर में भागकर थाने आने की बात बताई। बेवर एसओ की सूचना पर जहानगंज पुलिस रवाना हो गई है। एसओ दिनेश गौतम ने बताया कि किशोरी ने बेवर थाने जाकर जो आरोप लगाए हैं वह गलत हैं। घटना के दिन ही नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने में बैठा दिया गया है। संवाद