- ऑडिट में फंसा मामला, 10 नोटिस के बाद भी सचिव नहीं दे रहे अभिलेख
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। जनपद की 10 ग्राम पंचायतों के विकास कार्याें में खर्च धनराशि 1.26 करोड़ का गोलमाल ऑडिट में फंस गया। कई बार नोटिस भेजने के बाद भी सचिवों ने बिल वाउचर व अन्य अभिलेख नहीं दिए। इस पर डीपीआरओ ने सहायक विकास अधिकारियों को सचिवाें के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों पर खर्च की जाने वाली धनराशि का शासन से भेजी गई सहकारी समितियां एवं पंचायत लेखा परीक्षा टीम ने ऑडिट किया। ऑडिट टीम को सचिवों ने अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए। टीम ने निदेशालय को रिपोर्ट सौंप दी थी। इस पर शासन से पत्र भेजकर ऑडिट के लिए फिर अभिलेख मांगे लेकिन सचिवों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी व डीपीआरओ ने सचिवों का एडीओ के साथ बैठक कर व पत्राचार कर अभिलेख मांगे लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
सीडीओ व जिलाधिकारी ने भी नोटिस जारी किए। आखिरकार एक अक्तूबर को विधानसभा सचिवालय से पत्र भेज दिया गया। सभी 10 ग्राम पंचायतों में एक करोड़ 26 लाख 28 हजार 48 रुपये का गोलमाल है। डीपीआरओ अविनाश चौरसिया ने बताया कि वर्ष 2020-21 के आडिट के लिए 10 ग्राम पंचायतों के अभिलेख उपलब्ध कराने के लिए सचिवों को 10-10 नोटिस जारी किए गए, लेकिन अभिलेख नहीं दिए जा रहे हैं। इस पर उन्होंने एडीओ पंचायत कायमगंज, शमसाबाद व नवाबगंज को 10 ग्राम पंचायतों के सचिवों के खिलाफ अभिलेख न देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
इन ग्राम पंचायतों में गोलमाल, नहीं मिले अभिलेख
ब्लॉक - ग्राम पंचायत - सचिव - धनराशि
कायमगंज - नरायनपुर - जयवीर सिंह - 459659
कायमगंज - पहाड़पुर - जयवीर सिंह - 958135
कायमगंज - सिनौली - जयवीर सिंह - 1885817
शमसाबाद - तुर्कीपुर - पवन नायक - 827913
शमसाबाद - कुइयांखेड़ा - ज्ञानचंद्र - 1730896
नवाबगंज - अचरिया बाकरपुर - शिवपाल सिंह - 1888526
नवाबगंज - नौगांव - शिवपाल सिंह - 1041490
नवाबगंज - फतेहपुर परिउली - शिवपाल सिंह - 2630628
नवाबगंज - बराबिकू - साहिल चौधरी - 654524
नवाबगंज - चंदुइया - साहिल चौधरी - 550460