फर्रुखाबाद। सैन्य क्षेत्र में मंगलवार को दीपावली मेला धूमधाम से मनाया गया। महिलाओं ने बग्घी की सवारी का लुत्फ उठाया तो डीजे की धुन पर जवान खूब थिरके। देर शाम तक चली आतिशबाजी से पूरा आसमान सतरंगी रोशनी से सराबोर हो गया।
सिखलाई रेजीमेंट सेंटर के रमन स्टेडियम में मंगलवार को दिवाली मेले का उद्घाटन ब्रिगेडियर कबिंद्र सिंह ने फीता काटकर किया। शांति के दूत सफेद कबूतर और गुब्बारे छोड़े। महिलाओं ने बग्घी की सवारी की तो बच्चों ने घुड़सवारी और झूले का आनंद लिया। इस मौके पर आभा प्रेसीडेंट बबिता सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल पंकज वर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल अनिल सरोत्रा, लेफ्टिनेंट कर्नल अयूब खां, कर्नल विकास बहुगुणा, मेजर सिरीश मौजूद रहे। मेले की व्यवस्था सूबेदार मेजर जसवंत सिंह ने की।
वहीं, राजपूत रेजीमेंट सेंटर के करियप्पा मैदान पर लगे दिवाली मेले का ब्रिगेडियर सलीम आसिफ ने उद्घाटन किया। मेले में कई प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। महिलाओं की मटका दौड़, म्यूजिकल चेयर रेस, जवानों के लिए बोरा दौड़, स्लो साइकिल रेस हुई। बच्चों ने जलेबी दौड़ प्रतियोगिता में भाग लेकर खूब मस्ती की। प्रतियोगिता में विजेता रहे प्रतिभागियों को ब्रिगेडियर ने पुरस्कृत किया।
इस मौके पर लेफ्टिनेंट कर्नल मंदीप सिंह, एडजूटेंट गौरव डोगरा, लेफ्टिनेंट कर्नल हरिओम त्रिपाठी, लेफ्टिनेंट कर्नल विनीत गुप्ता, लेफ्टिनेंट कर्नल वीरेंद्र सिंह, सेंटर सूबेदार मेजर रामकिशोर, रामविलास, बृजपाल, आदि मौजूद रहे। शाम को दोनों रेजीमेंट में रंगबिरंगी आतिशबाजी का आयोजन किया गया। आतिशबाजी देखकर महिलाएं और बच्चे उत्साहित दिखे।