पांचाल घाट स्थित श्मशानघाट पर अंत्येष्टि के बाद गंगा नहाते समय रेडीमेड कपड़ा व्यापारी युवक गहरे पानी में जाने से डूब गया। गोताखोरों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जनपद कन्नौज कसबा छिबरामऊ के मोहल्ला गीतापुरम फेस-2 निवासी रामदास गुप्ता के पुत्र कमल गुप्ता (25) की कसबे में ही रेडीमेड कपड़े की दुकान है। मोहल्ले के ही निवासी उसके दोस्त अर्जुन दीक्षित की दादी का स्वर्गवास हो गया।
इससे कमल गुप्ता दोस्त के साथ उसकी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने पांचाल घाट आया था। दाह संस्कार के बाद सभी लोग गंगा स्नान कर रहे थे। नहाने के दौरान कमल गुप्ता गहरे पानी में जाने से डूब गया। यह देख साथियों में चीखपुकार मच गई। आनन-फानन गोताखोर बुलाकर गंगा में उतारे गए।
करीब एक घंटे बाद गोताखोरों ने कमल की तलाश कर उसे गंगा से निकाला। उसे लोहिया अस्पताल ले जाया गया। वहां आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात डा.अभिषेक चतुर्वेदी ने मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
वह अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उससे बड़ा भाई दीपक, जबकि छोटा भाई विमल व बहन अंजली है। कमल की शादी नहीं हुई थी। उसके पिता रामदास गुप्ता की घड़ी की दुकान है।