पांचाल घाट पर 10 जनवरी से लगने वाला रामनगरिया मेले की इस बार कुंभ मेले की तर्ज पर तैयारियां की जा रही हैं। सोमवार से दुकानों का आवंटन शुरू होने के साथ रसीद पर ही नियम व शर्तें लिखी होंगी। सभी दुकानदारों के साथ ही में ही परिचय पत्र भी बनाए जाएंगे।
एसडीएम सदर अनिल कुमार ने बताया कि रामनगरिया मेला क्षेत्र पाॅिलथीन मुक्त रखा गया है। सोमवार से पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दुकानों का आवंटन शुरू कर दिया जाएगा। दुकानों का निर्धारित रेट 1200 व 6000 रुपये जमा कराने के साथ रसीद व परिचयपत्र भी दिया जाएगा। दुकानों का पहले से लेआउट तैयार है।
इससे स्थान भी पहले से ही तय हो जाएगा। सभी व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठान पर हरे रंग का 120 लीटर का डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। थर्माकोल व पॉलिथीन का उपयोग होता मिलने पर पहली बार 2500, दोबारा 5000 जुर्माना व तीसरे बार में लाइसेंस निरस्त कर दुकानदार की जमानत राशि जब्त कर उसे मेला क्षेत्र से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।
सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहे, इसके लिए मेला क्षेत्र में प्रबंधन की ओर से 200 डस्टबिन रखवाए जाएंगे। इससे कोई भी व्यक्ति कूड़ा रास्ते में न डाले। ठिलिया, खोमचा दुकानदारों की दो हजार रुपये की रसीद काटी जाएगी। एसडीएम ने बताया दुकानों का आवंटन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।