फर्रुखाबाद। शहर की महायोजना लागू होने से पहले ही विरोध शुरू कर दिया गया है। कादरीगेट से पांचालघाट तक 45 मीटर सड़क की चौड़ाई पर ग्रामीणों ने बैठक कर आपत्ति जताई। कहा कि लालगेट से पांचालघाट तक सड़क की चौड़ाई एक समान होनी चाहिए।
शहर की महायोजना शासन से स्वीकृत होते ही सड़कों की चौड़ाई बढ़ने की भनक लगते ही लोगों में खलबली मची है। शनिवार को शहर से सटे गांव अमेठी कोहना में डॉ.शिवरतन सिंह शाक्य के आवास पर बैठक हुई। इसमें गांव चांपुर, खानपुर, सोताबहादुरपुर के ग्रामीण भी शामिल हुए।
ग्रामीणों ने कहा कि महायोजना में लालगेट से कादरीगेट तक सड़क की चौड़ाई 25 मीटर रखी गई है, जबकि कादरीगेट से पांचालघाट तक 45 मीटर बताई जा रही है। सड़क की इतनी चौड़ाई बढ़ने पर लोगों का व्यापार और मकान चौपट हो जाएंगे। उन्होंने लालगेट से लेकर पांचालघाट तक सड़क की एक समान चौड़ाई 25 मीटर ही रखने की मांग की है। इस दौरान प्रधान नेत्रपाल, सुधीर गुप्ता, कोटेदार नंदराम, सुरजीत पाल, अचल प्रताप एडवोकेट आदि मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि वह लोग रविवार को सांसद से मिलकर लालगेट से पांचालघाट तक एक समान सड़क की चौड़ाई करने की मांग करेंगे। सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन देंगे। सुनवाई न होने पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।