मोहम्मदाबाद। औद्योगिक क्षेत्र खिमसेपुर स्थित टायर से तेल निकालने वाली फैक्टरी में मंगलवार भोर में भीषण आग लग गई। दमकल की छह गाड़ियों ने करीब दस घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्टरी परिसर में रखी लकड़ी, टायर और कार्बन की बोरियां जलकर राख हो गईं।
आग मंगलवार तड़के करीब 3:45 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लगी। फैक्टरी में तैनात गार्ड उपेंद्र ने तत्काल यूपी 112 पर इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को जानकारी दी। इसके बाद आग बुझाने का प्रयास शुरू हुआ। कन्नौज और मैनपुरी से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं।
दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए 36 टैंकर पानी का इस्तेमाल किया। फैक्टरी में लगी मशीनें सुरक्षित बताई गई हैं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। फर्रुखाबाद के रहने वाले फैक्टरी मालिक अरविंद पांडेय ने घटना के संबंध में कोई जानकारी देने से परहेज किया।
अग्निशमन अधिकारी प्रांशु अवस्थी ने बताया कि अग्निशमन विभाग की बिना एनओसी के ही फैक्टरी संचालित हो रही है। फैक्टरी में आग बुझाने के भी इंतजाम नजर नहीं आए। लगभग दस घंटे में आग बुझाई जा सकी। 36 टैंकर पानी खर्च हुआ।
पिछली घटना और मालिक की चुप्पी
करीब एक साल पहले भी इसी फैक्टरी में आग लगी थी। उस घटना में चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे। बार-बार आग लगने की घटनाओं से फैक्टरी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।