विवाहिता का शव घर के अंदर कमरे में फंदे पर लटका मिला। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव उतार लिया। विवाहिता के पिता ने दामाद के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव देवरा निवासी अनिल कुमार ने बेटी अनुराधा की शादी शमसाबाद के गांव बेला सरायगजा निवासी अंकित के साथ एक साल पहले की थी। शादी के कुछ समय बाद ही अंकित ने दहेज में बाइक और 20 हजार रुपये की मांग कर दी। मांग पूरी न होने पर वह अनुराधा के साथ मारपीट करने लगा। महिला ने इसकी सूचना मायके में दी। मायके वालों ने बेटी की ससुराल पहुंच कर मामले को शांत करा दिया। कुछ समय बाद फिर से अनुराधा के साथ मारपीट की जाने लगी। शुक्रवार सुबह ससुरालीजन घर के बाहर थे। अनुराधा ने कमरे में साड़ी को छत के कुंडे में फांस कर फांसी लगा ली।
ससुरालीजन अंदर पहुंचे तो अनुराधा को फांसी पर लटका देखकर सन्न रह गए। सूचना पर अनुराधा के पिता अनिल कुमार व अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। इन्होंने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने के बाद शव फंदे पर लटकाने आरोप लगाया। पुलिस ने जांच पड़ताल की। पति फरार हो गया। पिता ने बताया कि बेटी इकलौती संतान थी। दामाद गांव का खेत बेच कर बेटी की ससुराल में रहने का दबाव बनाता था। चार दिन पहले भी बेटी के साथ मारपीट की गई थी। इसकी जानकारी आसपास के लोगों ने दी थी। अंकित दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में काम करता है। कुछ समय से वह घर में रह रहा था।