फर्रुखाबाद। कानपुर रोड, कचहरी रोड, नेहरू रोड, किराना बाजार और रेलवे रोड समेत प्रमुख बाजारों में राखियों की अनेक किस्में ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। भाइयों के साथ भाभियों की कलाई सजाने के लिए जोड़ी वाली राखियों की भी खूब मांग है। बच्चों के लिए डोरेमोन, मोटू-पतलू, छोटा भीम और घड़ी वाली राखियां पसंद की जा रही हैं।
राखी विक्रेता राकेश कुमार ने बताया कि भाई के साथ भाभी के लिए भी जोड़ी वाली राखी सेट उपलब्ध है। मैनपुरी से मंगाए गए इन सेटों में मोती और नग का काम किया गया है। इनकी कीमत करीब 100 रुपये है। राखी विक्रेता अंकित ने बताया कि पिछले साल जहां एक लाख रुपये की राखियां मंगाई थीं, इस बार उतना ही माल करीब डेढ़ लाख रुपये में आया है।
एक से 400 रुपये तक में राखियां
बाजार में एक रुपये से लेकर करीब 400 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। साधारण रक्षा सूत्र की जगह अब डिजाइनर और आकर्षक राखियों ने ले ली है। सोने-चांदी की राखियों की मांग भी देखने को मिल रही है। दूर रहने वाले भाइयों को बहनें डाकघर, स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री और कोरियर के माध्यम से राखियां भेज रही हैं।
कल मनाया जाएगा रक्षाबंधन
रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दिन बहनें भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करती हैं। समय के साथ त्योहार मनाने के तौर-तरीकों में बदलाव आया है। इसका असर बाजार में भी साफ दिखाई दे रहा है। आधुनिक डिजाइन वाली राखियों की भरमार है।