फतेहगढ़ में खुल गया बाजार, पुलिस ने कराया बंद
फर्रुखाबाद। लॉकडाउन 3 के पहले दिन देशभर में कुछ छूट की खबरों से बाजार खुलने को लेकर दोपहर तक अनिश्चितता की स्थिति रही। शहर में व्यापारी दुकानों के सामने आदेश मिलने का इंतजार करते रहे, जबकि कुछ ने आधा शटर खोलकर बिक्री शुरू कर दी। फतेहगढ़ में सुबह नौ बजे से पहले ही पूरा बाजार खुल गया। पुलिस को भनक लगी, तो सवा दस बजे माइक से एनाउंस करके पूरा बाजार बंद करवा दिया।
व्यापारियों को आस थी कि सोमवार से बाजार खुल जाएगा। इससे बड़ी संख्या में व्यापारियों के साथ लोग भी घरों से निकले। शहर के व्यापारी दुकानों पर साढ़े नौ बजे से ही पहुंच गए। कुछ ने दुकानें खोलीं, मगर बाजार का माहौल देेख शटर बंद कर दिए। नेहरू रोड पर रेडीमेड कपड़ों के दुकानदार आधा शटर खोलकर कपड़े की बिक्री करते दिखे।
सड़कों पर भीड़ होने और कुछ दुकानदारों के प्रतिष्ठान खोलने की सूचना पर कोतवाल वेदप्रकाश पांडेय 10 बजे निकले। उन्होंने बाजार न खुलने का एनाउंसमेंट किया। करीब साढ़े 11 बजे के बाद तक व्यापारी आदेशों का इंतजार करते रहे।
उधर, फतेहगढ़ में सुबह नौ बजे ही पूरा बाजार खोल दिया गया। घरों से निकले लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी। 10 बजे जब पुलिस को सूचना मिली, तो माइक से एनाउंसमेंट करके पूरा बाजार बंद कराया गया। इस दौरान सोशल डिस्टेंस नाम की कोई चीज दिखाई नहीं दी। इसके बाद भी व्यापारी काफी देर तक दुकानों के बाहर बाजार खुलने का इंतजार करते रहे।
पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
बाजार खुलने व लोगों के निकलने की सूचना पर भोलेपुर, बढ़पुर, लालगेट आदि स्थानों पर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। काफी लोगों के चालान भी काटे गए।
इलेक्ट्रिक सामान के व्यापारियों ने डीएम से मांगी राहत
इलेक्ट्रिक मर्चेंट एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार, महामंत्री मनोज कुमार कटियार और अरुण कुमार गुप्ता आदि ने डीएम से भेंट की। मांग की कि इलेक्ट्रिक गुड्स की दुकानें भी खोली जाएं। उन्होंने कहा कि कम से कम चार घंटे व्यापार करने की अनुमति दी जाए। इससे घरों में आ रही दिक्कतों की पूर्ति हो सकेगी। अध्यक्ष ने बताया कि डीएम ने राहत देने की बात कही है।