कमालगंज। महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में ब्लाक क्षेत्र में इस समय 5 हजार से अधिक श्रमिक काम कर रहे हैं। कार्यों के दौरान मौके पर ही सोशल ऑडिट कराया जाएगा। इसके लिए 40 ऑडीटर नियुक्त किए गए हैं। इन्हें शुक्रवार को ब्लाक कार्यालय सभागार में प्रशिक्षण दिया गया।
विकास खंड की सभी 118 ग्राम पंचायतों में मनरेगा से काम कराए जा रहे हैं। कुछ ग्राम पंचायतों में फर्जी मस्टर रोल निकालकर भुगतान करा लेने की भी शिकायत रहती है। बाद में होने वाले आडिट से कई बार फर्जीबाड़ा नहीं पकड़ में आता है। इसी के चलते समवर्ती (काम चलने के दौरान) सोशल आडिट की व्यवस्था की गई है। इस बार 2 सोशल ऑडीटर सदस्यों की 20 टोलियां बनाई गईं हैं।
18 टोलियां निर्धारित दिवस पर मौके पर जाकर मनरेगा काम का सत्यापन करेंगीं। शुक्रवार को ब्लाक कार्यालय के सभागार में नव नियुक्त 40 आडीटर को जिला समन्वयक सोशल आडिट सत्यवीर सिंह, ब्लाक कोआर्डिनेटर आशीष शुक्ला ने प्रशिक्षण दिया। खंड विकास अधिकारी राजेश बघेल ने 23 जून से शुरू होने वाले सोशल आडिट के संबंध में दिशा निर्देश दिए गए। नए प्रधानों के कार्यभार संभालने पर यह पहला सोशल आडिट होगा।