फर्रुखाबाद। बढ़पुर ब्लॉक क्षेत्र की 39 ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्य न होने पर रोजगार सेवकों का मानदेय रोक दिया गया है। बीडीओ ने अगले माह कार्य में सुधार न होने पर सेवा समाप्त करने का अल्टीमेटम दिया है। ब्लॉक बढ़पुर में 59 ग्राम पंचायतें हैं।
बीडीओ व जिला कार्यक्रम अधिकारी की समीक्षा में 39 ग्राम पंचायतें ऐसी निकलीं, जिनमें कई दिनों तक मनरेगा में काम हुआ ही नहीं। इस पर उन्होंने मनरेगा का कार्य देखने वाले संविदा पर तैनात रोजगार सेवकों की सूची बनाई। इन रोजगार सेवकों का एक से चार दिन तक का वेतन रोक दिया गया। प्रभारी बीडीओ भारत प्रसाद ने बताया कि इन ग्राम पंचायतों के मनरेगा कार्यों की अगस्त में भी यही स्थिति रही तो संबंधित रोजगार सेवकों की सेवा समाप्त कर दी जाएगी।