फर्रुखाबाद। लोहिया अस्पताल में बिजली गुल होने के बाद जेनरेटर नहीं चलने से मरीजों और कर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई कमरों में इन्वर्टर के बल्ब न होने के कारण मोबाइल की रोशनी में काम करना पड़ रहा है।
सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे अस्पताल में अचानक बिजली गुल हो गई। इससे कई कमरों में घना अंधेरा छा गया। ईएनटी टेक्नीशियन के कमरे में कान की जांच करवाकर रिपोर्ट लगवाने के लिए मरीज लाइन में लगे थे। बिजली जाने के बाद कर्मचारी मोहम्मद नवेद रहमानी ने मोबाइल की रोशनी में जांच रिपोर्ट लगाई। यह कमरा ध्वनि-रोधक होने के बावजूद इसमें इन्वर्टर से एक भी बल्ब की व्यवस्था नहीं है। करीब आधे घंटे बाद बिजली आने पर ही मशीन से जांचें दोबारा शुरू हो सकीं। इस दौरान मरीजों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि फिलहाल बिजली कम जा रही है। उन्होंने जेनरेटर तुरंत चलाने के निर्देश दिए हैं। शर्मा ने स्वीकार किया कि कर्मचारी के जेनरेटर कक्ष तक पहुंचने में कुछ देरी होती है।