युवती के हंगामा करने पर लालगेट पर लगी भीड़।
- फोटो : FARRUKHABAD
लालगेट पर प्रेमी युगल का हाईवोल्टेज ड्रामा
फर्रुखाबाद। लालगेट पर एक घंटे तक पुलिस के सामने ई-रिक्शा सवार प्रेमी-प्रेमिका का हाईवोल्टेज ड्रामा चला। भनक लगने पर पहुंचे परिजनों ने पहुंचकर युवती की जमकर पिटाई की। इस दौरान भीड़ के सामने युवती प्रेमी के कभी पैरों पर पड़ती, तो कभी चिपट कर साथ चलने की बात कहती। काफी मशक्कत के बाद परिजन युवती को लेकर घर चले गए। पुलिस ने युवक को ई-रिक्शा सहित कादरीगेट चौकी भेज दिया है।
शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे एक ई-रिक्शा से युवक-युवती रोडवेज बास स्टैंड की ओर जा रहे थे। जैसे ही लालगेट पर पहुंचे, तो युवती के भाई ने रोक लिया। युवती भाई से भिड़ गई। इस दौरान काफी लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लालगेट पर तैनात यातायात पुलिस के सिपाही भी पहुंच गए। वे समझाते रहे लेकिन युवती हर हाल में युवक के साथ जाने की जिद करती रही। करीब पौन घंटे बाद उसके माता-पिता समेत अन्य परिजन भी लालगेट पहुंच गए।
परिजनों ने युवती को पीटना शुरू कर दिया। युवती जैसे ही परिजनों से छूटती, तो युवक के गले लग जाती तो कई बार पैरों पर भी पड़ती। युवक असहज खड़ा रहा। करीब एक घंटे चले ड्रामे के बाद परिजन युवती को टेंपो में डालकर ले गए। पुलिस ने युवक को ई-रिक्शा समेत कादरीगेट चौकी भेज दिया। कादरीगेट चौकी प्रभारी हरिओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि जांच की जा रही है। बाद में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।