मोहम्मदाबाद। मंडी रोड स्थित जनसेवा केंद्र और सब्जी की दुकान में शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इससे दोनों दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया। दमकल टीम और आसपास के लोगों ने पानी डाल कर आग पर काबू पाया। दोनों दुकानदारों का करीब सवा दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
मोहम्मदाबाद के मोहल्ला राजीव नगर निवासी धर्मेंद्र कुमार शाक्य की मंडी रोड पर सब्जी की दुकान है और प्रदीप कुमार का वहीं पर जनसेवा केंद्र है। दोनों लोग शनिवार शाम को दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में 11.30 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में दोनों की दुकानों में आग लग गई। आसपास के लोगों ने लपटे निकलती देखीं तो दोनों दुकानदारों को फोन से जानकारी दी। दुकानदार मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों के सहयोग से पानी डाल कर आग पर काबू करने का प्रयास करने लगे। तभी दमकल भी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया। प्रदीप कुमार शाक्य ने बताया कि आग से उसके जनसेवा केंद्र पर रखे कंप्यूटर व अन्य सामान जल गया। इससे करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। धर्मेंद्र कुमार शाक्य ने बताया कि दुकान में सब्जी व अन्य सामान रखा था। उसके जलने से करीब सवा लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दोनों दुकानदारों का कहना है कि उनकी दुकान में आग लगाई गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। कोतवाल का कहना है कि घटना की कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।