मोहम्मदाबाद/नवाबगंज। मारपीट कर दो महिलाओं से जेवर लूट लिए गए पर यह मामला मोहम्मदाबाद व नवाबगंज के सीमा विवाद में उलझा रहा है। तहरीर देने के बाद भी दोनों थानों की पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
जनपद मैनपुरी थाना भोगांव के गांव तोलकपुर निवासी बबलेश अपनी पत्नी रूबी और साली मनोज कुमारी पत्नी अनार सिंह के साथ बाइक से शुक्रवार शाम को कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव सिंगुरापुर एक शादी समारोह में जा रहे थे। रूबी का मायका मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव कन्नूह पट्टी में है। इसलिए सभी पहले वहां गए थे। वहां से सिंगुरापुर जाते समय कन्नहू पट्टी गांव से पहले शराब ठेके के पास चार लोग खड़े थे।
इन लोगों ने बबलेश के सिर पर डंडा मार दिया। इससे वह गिर पड़े। आरोपियों ने रूबी के गले में पड़ी चेन, मंगलसूत्र व उसकी बहन मनोज कुमारी के भी मंगलसूत्र झाले तथा 5500 रुपये लूट लिए। मोहम्मदाबाद कोतवाली में पहुंचकर कर शिकायत की लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की और घटनास्थल नवाबगंज थाना क्षेत्र का बता दिया।
रूबी शनिवार सुबह फिर कोतवाली मोहम्मदाबाद गई। वहां से उसे नवाबगंज थाना भेज दिया गया। दोपहर को रूबी पति एवं बहन के साथ नवाबगंज थाने पहुंची और थानाध्यक्ष को लूट की तहरीर दी। थानाध्यक्ष आरके शर्मा ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।