फर्रुखाबाद। दुष्कर्म के मुकदमे कोई कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने राष्ट्रपति को पत्र भेजकर इच्छा मृत्यु की मांग की। अमर उजाला में शनिवार को खबर प्रकाशित होते ही विवेचक ने नवाबगंज में महिला दरोगा के समक्ष पीड़िता के बयान दर्ज कराए हैं। सोमवार को उसका मेडिकल कराया जाएगा।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला ने कोर्ट के आदेश पर नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म व गर्भपात कराने में प्रद्युम्न पाल, उसकी भाभी आरती पाल और एक नर्सिंग होम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसकी जांच दरोगा शैलेंद्र सिंह भदौरिया कर रहे हैं। विवेचक ने पीड़िता के बयान दर्ज करना तो दूर उसका मेडिकल भी नहीं कराया।
इस पर पीड़िता ने शुक्रवार को राष्ट्रपति को प्रार्थना पत्र भेजकर इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी थी। शनिवार को विवेचक पीड़िता के घर पर पहुंचे। वह पीड़िता व उसके पिता को लेकर नवाबगंज थाने गए। वहां महिला दरोगा ने पीड़िता के बयान दर्ज किए। विवेचक ने भरोसा दिया कि सोमवार को उसका मेडिकल कराया जाएगा।