लोहिया अस्पताल में फटा दूध दिखाता नन्हें लाल। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल में मंगलवार को मरीजों को खराब दूध दे दिया गया। सुबह करीब साढ़े 11 बजे तीमारदार दूध गर्म करवाने गए, तो वह फट गया। इससे मरीजों की परेशानी बढ़ गई। सीएमएस ने जांच कराने की बात कही है।
अस्पताल में भर्ती मरीजों को सरकार की ओर से नाश्ता और खाना दिया जाता है। मंगलवार सुबह नाश्ते में 500 ग्राम दूध का पैकेट और ब्रेड दी गई। अस्पताल में भर्ती हरदोई के पाली थाने के गांव नरसिया निवासी रेशमा (68) को दूध का पैकेट मिला।
उनका पुत्र बाहर ढाबे पर दूध गर्म कराने लगा तो दूध फट गया। कासगंज के दरियाबगंज के गांव सकराला निवासी प्रज्ञा को डायरिया होने की वजह से भर्ती किया गया। उनके पिता नन्हें लाल ने दूध गर्म करवाने के लिए जैसे ही पैकट खोला, तो उसमें दूध फटा हुआ निकला।
उनका कहना है कि खराब दूध बांट दिया गया। वार्ड में अधिकांश लोगों को मिला दूध खराब था। सीएमएस डॉ. राजकुमार ने बताया कि वह जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेंगे।