फर्रुखाबाद। एनसीसी कैडेट्स को सड़क सुरक्षा के लिए जागरूक किया गया। एआरटीओ प्रवर्तन ने कैडेट्स को शपथ दिलाई।
गुरुवार को फतेहगढ़ स्थित म्युनिसिपल इंटर कॉलेज में सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने कैडेट्स को यातायात के नियमों का पाठ पढ़ाया।
कैडेट्स से दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने, चौपहिया वाहन के प्रयोग के समय सीट बेल्ट लगाने की बात कही। कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को मोटर वाहन नहीं चलाना चाहिए।
प्रधानाचार्य ले. गिरिजाशंकर ने कहा कि यह कोई आवश्यक नहीं कि आप वाहन चलाने में माहिर हैं, तो आप सड़क पर सुरक्षित हैं। दुर्घटना कभी भी किसी के साथ भी घटित हो सकती हैं। आप सड़क पर पैदल भी चल रहे हैं तो उस समय अपने को सुरक्षित समझने की भूल नही करनी चाहिए। उन्होंने सड़क पर चलते समय हमेशा सतर्क रहने, शराब पीकर वाहन न चलाने, सड़क पर चलते समय स्टंट न करने की सलाह दी। कार्यक्रम के समापन पर एआरटीओ प्रवर्तन ने सड़क सुरक्षा संबंधी शपथ दिलाई।