लेखपालों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से जनता हलाकान है। हड़ताल के कारण प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे है। पीएम आवास योजना, सफाई कर्मचारी की नौकरी के आवेदनकर्ताओं सहित कई लोग रोजाना तहसील के चक्कर काट रहे हैं।
प्रशासन ने भी प्रमाण पत्र बनने की वैकल्पिक व्यवस्था का इंतजाम नहीं किया है।
वेतन विसंगतियों समेत छह सूत्री मांगों को लेकर लेखपाल 23 अगस्त से हड़ताल पर चल रहे हैं। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, डिप्लोमा फार्मेसिस्ट समेत कई कर्मचारी संगठनों ने भी समर्थन दे रखा है। लेखपालों की हड़ताल के चलते आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं।
इसके चलते सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को उठानी पड़ रही है, जिन्होंने संविदा सफाई कर्मचारी की नौकरी पाने और पीएम आवास योजना का लाभ पाने के लिए तहसील और डूडा कार्यालय में आवेदन कर रखे हैं। दरअसल पीएम आवास योजना और संविदा सफाई कर्मचारी की नौकरी के लिए सरकार ने आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता अनिवार्य कर रखी है।
रोजाना सदर तहसील में प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोग तहसीलदार, एसडीएम कार्यालय और स्वान कक्ष के चक्कर काटने को मजबूर हैं। हालांकि जिला प्रशासन ने लेखपालों की हड़ताल को देखते हुए पीएम आवास योजना के आवेदन फार्म जमा करने की तिथि 9 सितंबर से बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी है।