थाना जहानगंज क्षेत्र के कुंदन गनेशपुर के पास मार्ग दुर्घटना में गुरुवार देर रात मरे दो लोगों का शव बोरे में ठुसें देखकर परिजनों के सब्र का बांध टूट गया। पोस्टमार्टम हाउस में जमकर हंगामा किया। शवों को सील करने आई पुलिस से परिजनों ने हाथापाई कर दी। एसपी ने एक दरोगा और तीन सिपाहियों को लाइन हाजिर किया है।।
उधर, दुर्घटना कर भाग रही बोलेरो संख्या यूवीडब्लू00-18341 को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इसमें सवार जिला कन्नौज थाना छिबरामऊ निवासी शिवम उर्फ शिवा, रवि निवासी बहवलपुर थाना छिबरामऊ जिला कन्नौज को भी हिरासत में लिया है। बोलेरो कन्नौज के सपा छात्र सभा के जिला उपाध्यक्ष की बताई जा रही है।
गुरुवार देर रात बोलेरो की टक्कर से गांव कुंदन गनेशपुर के रहने वाले सत्यभान और गोवर्धनलाल की दर्दनाक मौत हो गई थभ्। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों के सिर धड़ से अलग हो गए थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को बोरों में बंद कर बिना सील किए हुए पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
परिजनों ने जब शवों को बोरे में देखा तो उनके सब्र का बांध टूट गया और पोस्टमार्टम हाउस में ही हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामे को देखकर क्षेत्राधिकारी नगर आलोक सिंह और क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद विशाल पांडेय मौके पर पहुंचे।
हंगामे के बाद थानाध्यक्ष जहानगंज प्रदीप यादव और उनके सहकर्मी जब पंचनामा भरने और शव सील करने के लिए मोर्चरी पहुंचे तो परिजनों ने पुलिस से हाथापाई कर दी। मामले को गंभीर देखकर नगर मजिस्ट्रेट शिवबहादुर पटेल और तहसीलदार आरपी चौधरी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत से वार्ता कर शवों को सील कराकर पोस्टमार्टम कराने के लिए परिजनों को राजी कर लिया। दूसरी तरफ पुलिस कप्तान राजेश कृष्ण ने इस घटना में जहानगंज थाने के दरोगा गजराज सिंह, सिपाही चरन सिंह, तेज सिंह और महेश सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है।
पोस्टमार्टम के बाद गुस्साई भीड़ ने फिर शव रखकर मुआवजा की मांग की। मौके पर मौजूद तहसीलदार सदर ने किसान दुर्घटना बीमा योजना से मृतकों के पांच-पांच लाख रुपये के फार्म भरवा दिए हैं।