कचहरी में घूम-घूमकर निगरानी करते अधिवक्ता।
फर्रुखाबाद। कचहरी में पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच चल रहे विवाद के दौरान वादकारी परेशान रहे। दूसरे दिन भी वकीलों की कलमबंद हड़ताल जारी रही। अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में घूम-घूम कर वकीलों को काम नहीं करने दिया। कचहरी परिसर में पुलिस कर्मियों के प्रवेश पर भी निगरानी रखी गई।
विगत दो दिन पहले सोमवार को कचहरी परिसर के गेट संख्या तीन पर अधिवक्ता और पुलिसकर्मी में पहचान पत्र दिखाने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शशिभूषण दीक्षित, सचिव कुंवर सिंह यादव ने जिला जज को जानकारी दी थी। जिला जज ने एएसपी डाॅ. संजय कुमार और सीओ सिटी एश्वर्या उपाध्याय को बुलाकर दोनों पक्षों में समझौता करवा दिया था।
उसी रात पुलिस ने बार एसोसिएशन के सचिव, संयुक्त सचिव सहित दो अन्य अधिवक्ताओं पर मारपीट कर सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके विरोध में वकीलों ने बार की बैठक बुलाकर दो दिन की कलमबंद हड़ताल करने का निर्णय लिया। अध्यक्ष ने कहा, जब तक वकीलों के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस नहीं होता, साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
कहा, बृहस्पतिवार को बार सभागार में एक बैठक बुलाई गई है। बैठक में अग्रिम कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। सचिव कुंवर सिंह यादव ने बताया कि अब समझौते के लिए बातचीत होगी तो वह जिला जज के कक्ष में लिखित तौर पर होगी। अधिवक्ता झुकने वाले नहीं हैं। हड़ताल के चलते सभी न्यायालयों में तारीखें बढ़ा दी गईं।